नियामताबाद। पीडीडीयू नगर तहसील में अधिवक्ता और लेखपालों के बीच हुए विवाद में आरोपित लेखपालों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सोलहवें दिन शुक्रवार को भी न्यायिक कार्य बहिष्कार कर तहसील के मुख्य गेट पर ताला बंद कर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं लेखपालों की गिरफ्तारी व तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग की।
मुगलसराय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवीदयाल गुप्ता ने कहा कि तहसील के अधिवक्ताओं ने सिर्फ न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला किया है। इसके बावजूद तहसीलदार खुद हड़ताल पर होने का हवाला देते हुए प्रार्थना पत्रों को अग्रसारित नहीं कर रहे हैं। इससे तहसील में आने वाले वादकारियों को काफी परेशानी हो रही है। कहा कि जबसे तहसीलदार पर भी आरोप लगाया। आरोप लगाते हुए कहा कि तहसील कर्मी व लेखपाल बेलगाम हो गए हैं। आए दिन वे अधिवक्ताओं व वादकारियों से सुविधा शुल्क की मांग करते रहते है। इसका विरोध करने पर वे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। कहा जबतक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं होगा। तब तक अधिवक्ताओं का आंदोलन जारी रहेगा। वहीं मुगलसराय बार एसोसिएशन के महामंत्री जयप्रकाश यादव ने कहा कि तहसील के तीन लेखपालों पर एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन आरोपित लेखपालों की गिरफ्तारी नहीं कर रहा है। जब तक अधिवक्ताओं की मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक अधिवक्ता आंदोलन करते रहेपंगे। साथ ही निर्वाचन आयोग से तहसीलदार के स्थानांतरण की भी मांग अधिवक्ताओं ने की। विरोध प्रदर्शन करने वालों में समरनाथ यादव, बलवंत पटेल, अमित गिरी, खालिद वकार आबिद, धर्मेंद्र सिंह, वसीम अहमद, अमित गिरी, अरविंद यादव, संजय, फिरोज अहमद, अरविंद पंकज, ओमप्रकाश बादल, उज्ज्वल श्रीवास्तव, राजेन्द्र, संतोष राय, कन्हैया, मानसिंह, निजामुद्दीन रहे।