पीडीडीयू नगर। भारतीय मानव समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को तारनपुर स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामधनी बिंद ने चंदौली लोकसभा सीट पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जंगबहादुर बिंद के प्रत्याशी होने की घोषणा की। साथ ही स्वयं के वाराणसी से लोस चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी पूर्वांचल की नौ सीटों सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश की फर्रूखाबाद व बहराइच की लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सभी 11 प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है। कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी का मुख्य मुद्दा पृथक पूर्वांचल राज्य के गठन की मांग का है। इसके अलावा समान शिक्षा व्यवस्था, 27 प्रतिशत कोटे में अलग से आरक्षण, रोजगार गारंटी, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की समस्याओं और गंगा में क्रूज का संचालन बंद कर नाविकों का उत्थान करना पार्टी की प्राथमिकता में शामिल है। इस मौके पर राजेंद्र बिंद, सूबेदार बिंद, दया मोहन सुशील, भानू प्रताप, बाबूलाल गुप्ता, डा. बिंदू प्रसाद, रामसूरत, श्यामलाल, मुन्ना प्रसाद, अजय, रामकेश, प्रभुनारायण, राजनाथ मौजूद थे।