शहाबगंज। कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में लेनदेन का कार्य पांच दिनों से बंद होने से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को बैंक के सामने प्रर्दशन किया। वहीं बैंक के प्रबंधक का कहना था कि नेटवर्क में दिक्कत आने के कारण बैंक के सभी कामकाज पूरी तरह ठप हैं। बैंक के उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है।
उपभोक्ताओं का कहना था कि होली के कुछ दिन पूर्व बैंक से धन निकासी न हो पाने का असर पड़ने लगा है। उपभोक्ता प्रतिदिन बैंक की शाखा पहुंच रहे हैं लेकिन धन नहीं निकलने के कारण मायूस होकर वापस लौट जा रहे हैं। उपभोक्ता संतोष, ऋषि पांडेय, परमानंद तिवारी, हरबंस, अमीनचंद, सदन, गुलाब, जलालुद्दीन, सारनाथ पांडेय, शेषनाथ आदि ने कहा कि वे सोमवार से बैंक का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अभी पैसा नहीं मिल पाया है। इससे होली का त्यौहार फीका पड़ने की संभावाना बढ़ गई है। वहीं शाखा प्रबंधक का कहना है कि बैंक का सारी कार्यप्रणाली बीएसएनएल के नेटवर्क से संचालित होती है। पांच दिनों से नेटवर्क ध्वस्त होने के कारण बैंक का कामकाज पूरी तरह ठप है। नेटवर्क आने के बाद ही कार्य सुचारू हो पाएगा।