धानापुर। क्षेत्र के नरौली गंगा घाट से कुछ दूरी पर बने श्मशान घाट तक जाने के लिए किसी रास्ते के न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि लगभग पांच साल पूर्व 14 लाख रुपये की लागत से बने श्मशान घाट पर आज तक एक भी शव का दाह संस्कार नहीं किया जा सका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते के लिए छोड़ी गई जमीन पर घास फूस उग आई है। श्मशान घाट के निर्माण में मानक की भी अनदेखी की गई है। घाट पर शौचालय सहित कई कार्य आज तक अधूरे पड़े हुए हैं। पूरे प्रकरण में सरकारी धन और सरकारी जमीन का खुलकर बंदरबांट किया गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए श्मशान घाट तक शीघ्र सड़क बनवाने की मांग की है। इस संबंध में विकास खंड अधिकारी सुशील मिश्र ने बताया कि श्मसान जाने के लिए रास्ता नहीं बना है। इसकी जानकारी नहीं है। यदि अब तक रास्ता नहीं बना है तो गलत है। इसकी जांच कराई जाएगी।