पीडीडीयू नगर। आजाद देश के पहले शिक्षा मंत्री, भारत रत्न, स्वतंत्रता सेनानी अबुल कलाम आजाद की जयंती पर रविवार को उन्हें याद किया गया। जिले में जगह-जगह गोष्ठी का आयोजन कर मौलाना आजाद के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
शहर कांग्रेस कमेटी ने काली महाल स्थित कार्यालय पर देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती मनाई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर रामजी गुप्ता, शाहिद तौसिफ, नंदगोपाल सिंह, बृजेश गुप्ता , दशरथ चौहान, सतपाल सिंह, नवीन पांडेय, विजय कुमार गुप्ता रहे। समाजवादी पार्टी की ओर से जिला महासचिव नफीस अहमद गुड्डू ने मौलाना अबुल कमाल आजाद को महान स्वतंत्रतासेनानी, शिक्षा विद बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नौगढ़ संवाददाता के अनुसार स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में रविवार को मौलाना अबुल कलाम जयंती का राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर हुई गोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार सिंह ने मौलाना के राष्ट्र निर्माण में किए गए योगदान पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस की महत्ता के बारे में बताते हुए कहा कि शिक्षित व्यक्ति देश का जिम्मेदार नागरिक हो सकता है। असिस्टेंट प्रोफेसर अनुराग सिंह ने आजाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए आईटीआई विश्वविद्यालय अनुदान आयोग तथा साहित्य अकादमी के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका बताई। इस अवसर पर अरविंद सिंह, गणेश कुमार ने विचार व्यक्त किए। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ.रंजीत सिंह ने किया।