चंदौली। जिला अस्पताल में शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नवनियुक्त सहायक अध्यापकों ने जमकर बवाल काटा। आरोप लगाया कि सीएमएस कार्यालय में तैनात कर्मचारी शिक्षकों का मेडिकल बनाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। काफी हो हल्ला मचने के बाद मौके पर पहुंचे सीएमएस डा. उमापति द्विवेदी ने शिक्षकों को शांत कराया और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। सीएमएस के पहल के बाद दुबारा शिक्षकों का मेडिकल बनाने के कार्य शुरू कराया गया।
काउंसिलिंग के बाद बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 1194 सहायक अध्यापकों को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में तैनाती दी गई है। कार्यभार ग्रहण करने से पहले नवनियुक्त शिक्षकों को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देना होता है। इसके तहत शनिवार को सैकड़ों सहायक अध्यापक मेडिकल बनवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन यहां तैनात कर्मचारियों का रवैया देख सभी हो हल्ला मचाने लगे। आरोप लगाया कि सीएमएस कार्यालय में तैनात कर्मचारी प्रत्येक व्यक्ति का मेडिकल बनाने के बदले में पांच सौ रुपये ले रहे हैं। इसका विरोध करने पर उन्हें अनफीट करने की धमकी दी जा रही है। नाराज शिक्षकों ने सीएमएस कार्यालय के बाहर जमकर बवाल काटा। यह देख जिम्मेदार कर्मचारी कार्यालय छोड़कर मौके से खिसक गए। जानकारी होने पर सीएमएस उमापति द्विवेदी मौके पर पहुंच गए और नाराज शिक्षकों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई और इमानदारी से कार्य करने का नसीहत दिया। सीएमएस के पहल के बाद दुबारा से शिक्षकों का मेडिकल रिपोर्ट बनाने का कार्य शुरू हुआ। सीएमएस ने बताया कि अवैध वसूली करने वाले कर्मचारियों को चिह्नित किया जा रहा है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।