चकिया। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। धरने के दौरान गरीबों को उनकी जमीनों से बेदखल न करने, गरीबों को उजाड़ने की जारी की गई नोटिस को वापस लेने और बिहार के मुजफ्फरपुर में बालिकाओं के साथ किये गये दुष्कर्म की सीबीआई जाँच कराने से जुड़े मुख्यमंत्री के नाम लिखे ज्ञापन को उपजिलाधिकारी दीप्तिदेव यादव को सौपा।
धरने को संबोधित करते हुए कामरेड अनिल पासवान ने कहा कि तहसील क्षेत्र के डेहरी, निचोट और राममाड़ो के गरीब मजदूरों को बेदखल करने के लिए शासन द्वारा जारी कराई गई नोटिस गरीबों के ऊपर कुठाराघात है। कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार की ओर से गरीबों को आवास देने का दावा खोखला है। भू-माफियाओं से कब्जा मुक्ति के नाम पर बड़े पैमाने पर गरीबों और भूमिहीनों को उनकी जमीनों से बेदखल किया जा रहा है। जो गरीबों के साथ अन्याय है इस अन्याय के विरूद्ध भाकपा माले का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान कामरेड मिठाईलाल बिन्द, मेवालाल पासवान, रामायण राम, मराछू पासवान, जिउतराम, संजय, मनोज, क्रांति पासवान, कुम्भकरण राम, शिवनारायण बिंद, राजकुमार पासवान मौजूद रहे।