नौगढ़। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक और वार्ड ब्वाय के गायब रहने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सीएमओ से जवाब तलब किया है। यही नहीं डीएम ने सीएचसी के उपस्थिति पंजिका की फोटो भी मांगी है ताकि बाद में चिकित्सक और वार्ड ब्वाय हस्ताक्षर न कर सकें।
क्षेत्रीय लोगों ने डीएम से चिकित्सक और फार्मासिस्ट के गायब रहने की शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि फार्मासिस्ट के न रहने पर वार्ड ब्वाय दवा वितरित कर रहे हैं। बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नियुक्त फार्मासिस्ट अशोक और योगेंद्र दो मई से गायब हैं। उनकी अनुपस्थिति में वार्ड ब्वाय जितेंद्र कुमार के द्वारा दवा दी जा रही है। इसी तरह एक सप्ताह से एक चिकित्सक गायब हैं और आरओ भी एक माह से गायब चल रहे हैं। बावजूद इसके उपस्थिति पंजिका पर अनुपस्थित करने के बजाए कालम खाली छोड़ा जा रहा है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम नवनीत सिंह चहल ने शुक्रवार को सीएमओ से जवाब तलब किया है और नौगढ़ सीएचसी अधीक्षक से उपस्थिति पंजिका की मोबाइल से सेल्फी भी मंगाई है। माना जा रहा है कि अनुपस्थित दोनों कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है।