मुगलसराय। गंगा हरीतिमा अभियान के तहत शुक्रवार को वन विभाग की ओर से कैली और महुअर कला गांव में पद यात्रा निकाली गई। जिसमें प्रभारी मंत्री जयप्रकाश निषाद, डीएम नवनीत सिंह चहल और एसपी संतोष सिंह भी शामिल हुए। पद यात्रा में शामिल गायत्री परिवार के लोगों ने प्रभारी मंत्री सहित डीएम और एसपी को भी पर्यावरण सुरक्षा के प्रति संकल्प दिलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी गंगा की आविरलता का संकल्प लिया और पद यात्रा में शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री जयप्रकाश निषाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने गंगा के निर्मलीकरण के लिए हरीतिमा यात्रा का शुरुआत किया है। जिसके तहत गंगा के किनारे हरियाली के साथ कटान को रोकने के लिए पौधरोपण करना है। साथ ही गंगा को प्रदूषण से रोकने के लिए तटवर्ती लोगों को जागरूक करना है। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि वन विभाग के प्रयास से गंगा किनारे पौधरोपण करने का प्रयास चल रहा है। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी गोपाल ओझा ने भी विचार व्यक्त किया। इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी आनंद श्रीवास्तव, एसडीएम सत्येंद्र सिंह, भाजपा नेता सुर्यमुनि तिवारी, प्रधान कुंज बिहारी और गायत्री परिवार के सदस्य मौजूद रहे।