मुगलसराय। मांगों के समर्थन में वित्त विहीन शिक्षकों का मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार छठें दिन भी गुरुवार को जारी रहा। इस दौरान जिले के तीनों केंद्रों पर शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने अन्य शिक्षकों से भी मूल्यांकन के बहिष्कार की अपील की।
वित्तविहीन शिक्षक मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों को मानदेय देने, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूलों को अनुदानित करने तथा बोर्ड परीक्षा 2016 के मूल्यांकन कार्य का पारिश्रमिक का भुगतान करने की मांग को लेकर मूल्यांकन का विरोध कर रहे हैं। नगर पालिका इंटर कालेज में प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान ब्रह्मानंद, विद्या सागर, राजीव कुमार गुप्ता, ललित कुमार, धर्मेन्द्र, अवनीश, मुन्नालाल, सरिता यादव, प्रमोद कुमार, त्रिभुवन नारायन गौतम, शिव पूजन, अभिषेक कुमार, पिंकी, संध्या, शिव प्रकाश, नीलम सिंह मौजूद रहीं। चकिया संवाददाता के अनुसार मूल्यांकन केंद्र पर मूल्यांकन के लिए मिली 85 हजार उत्तर पुस्तिकाओं के सापेक्ष अब तक छह दिनो में सिर्फ 1100 उत्तर पुस्तिकाओं का ही मूल्यांकन हुआ है। प्रदर्शन के दौरान पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक रविन्द्र सिंह ने शिक्षकों से आंदोलन समाप्त कर मूल्यांकन कार्य करने की अपील की, लेकिन उनकी अपील का शिक्षकों पर कोई असर नही पड़ा। प्रदर्शन के दौरान माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, विपिन कुमार द्विवेदी, दिलीप कुमार, मिथिलेश मौजूद रहे।