महिला पुलिस कर्मियों के हस्तक्षेप के बाद अलग-अलग थाना क्षेत्र के 65 दंपति आपसी मतभेद दूर कर एक साथ रहने के लिए तैयार हो गए। इस पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने इन सभी महिला पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर इस प्रयास को और मजबूत बनाने के लिए सलाह दी। इसके साथ ही ऐसे महिला पुलिस कर्मी को सम्मानित भी किया, जिनके प्रयास से 65 जोडे़ पुन: एक साथ हुए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पारिवारिक झगड़े में पुलिस की दखलंदाजी के बाद अक्सर रिश्ते टूट जाते हैं। लेकिन महिला पुलिस कर्मियों ने जिस प्रकार से इन टूटने के कगार पर पहुंच चुके परिवार को एक किया है, इससे बड़ा कोई और कार्य नहीं हो सकता। इस प्रकार के कार्य से अब पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ने लगा है। इस दौरान उन्होंने महिला थाना प्रभारी सुनीता सिंह के अलावा पुलिस लाइन के महिला प्रकोष्ठ में तैनात महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ, सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल, महिला इंसपेक्टर सुनीता सिंह, प्रमिला यादव, रीता उपाध्याय, सरिता सिंह, कौशल्या देवी, सुषमा यादव आदि उपस्थित रहीं।