चंदौली। निकाय चुनाव की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर मतदान का सजीव प्रसारण कराया जाएगा। एनआईसी में बनाए गए कंट्रोल रूम में लगाई जाने वाली 40 से 48 इंच की एलईडी टीवी के माध्यम से मतदान अधिकारी इसकी मानीटरिंग भी करते रहेंगे। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व वाली तीन सदस्यीय टीम का भी गठन कर दिया गया है।
जनपद में 29 नवंबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष और पारदर्शिता पूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय तैयारियों में जुट गया है। जनपद के चारो निकायों में पांच अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदान के लिए क्लाउड बेस्ड आधारित लाइव वेबकास्टिंग कराई जाएगी। तीन सदस्यीय टीम कंट्रोल रूप में मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रखेगी। अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों में नगर पालिका मुगलसराय में संत स्टीफन चर्च स्कूल के तीन बूथ, सैयदराजा के नेशनल इंटर कालेज केंद्र के चार बूथ, चंदौली में आलोक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पांच बूथ और चकिया के दो केंद्रों प्राथमिक विद्यालय द्वितीय और ब्लाक सभागार के एक-एक बूथ शामिल हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप ने बताया कि लाइव वेबकास्टिंग के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाधिकारी स्तर से मुख्य विकास अधिकारी को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। साथ ही निगरानी के लिए एनआईसी में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। यहां इंटरनेट, एलईडी टीवी सहित बाधा रहित विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।