सकलडीहा। तहसील के बलुआ घाट का नव निर्मित पुल का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय सेतु रखने की चर्चा से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। गुरुवार को बाबा कीनाराम मठ के एक प्रतिनिधि मंडल ने सेतु का नाम बाबा कीनाराम रखने के लिए पीएम और सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौपा। चेताया कि मांगों को गंभीरता से नही लिया गया तो क्षेत्रीय लोग धरना प्रदर्शन के लिये मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना था कि बाबा कीनाराम एक महान संत थे। जिनका गौरव शाली इतिहास पूरे विश्व में विख्यात है। ऐसे संत महात्मा के नाम पर बलुआ का नव निर्मित सेतु का नाम रखने क्षेत्र की पहचान बनी रहेगी। प्रतिनिधि मंडल बाबा किनाराम जन्मोत्सव समिति के संयोजक अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में गुरूवार को एसडीएम से मिलकर सेतु के नामकरण के लिए मांग किया और प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौपा। एसडीएम छेदीलाल सिंह ने लोगों की मांगों को उच्चाधिकारियों और शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान संदीप वर्मा, सुभाष सिंह, मदन सिंह, मुनमुन, सतीश गुप्ता, मिथिलेश, दिनेश सोनकर, विपुल सिंह, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।