एनआइसी में सहायक अध्यापिका को नियुक्ति पत्र देते डीएम नवनीत सिंह चहल
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। मुख्यालय स्थित एनआइसी सभागार में शुक्रवार को डीएम ने राजकीय इंटर कालेजों में तैनाती पाने वाले 11 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। अभ्यर्थी लोक सेवा आयोग की आनलाइन लिखित परीक्षा पास करने के बाद चयनित हुए है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नियुक्ति पत्र बांटकर इसका शुभारंभ किया। सीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एनआइसी में किया गया।
लोक सेवा आयोग की ओर से प्रदेश के विभिन्न राजकीय इंटर कालेज में 3317 शिक्षकों को नियुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इसका सीधा प्रसारण एनआइसी सभागार में किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं। ऐसे में उन्हें पूरी ईमानदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। बच्चों के भविष्य का निर्माण होने से देश सशक्त और मजबूत बनेगा। जिलाधिकारी ने एनआइसी पहुंचे 11 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया। कहा कि शिक्षक ईमानदारी के साथ दायित्व निभाएं। इससे शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने में आसानी होगी। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार की जरूरत है। पढ़ाई के नए-नए तरीके अपनाए जाएं। इससे बच्चों को समझाने में सहूलियत होगी। इस दौरान सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव, डीआइओएस डा. विनोद कुमार राय, चकिया विधायक शारदा प्रसाद के प्रतिनिधि अश्वनी दुबे उपस्थित रहे।