पीडीडीयू नगर। वीवीआईपी आगमन और आपदा के समय त्वरित राहत व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में 11 हेलिपैड बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने करीब छह करोड़ की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी है। शासन से मंजूरी और बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले काम पूरा करने की तैयारी है।
कार्ययोजना के तहत जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में हेलिपैड बनाए जाएंगे। इसके लिए जमीनें चिह्नित कर ली गई हैं। मुगलसराय तहसील मुख्यालय के पास केंद्रीय विद्यालय परिसर और चंदौली स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में 85-85 लाख रुपये से हेलिपैड बनाने का प्रस्ताव है। पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में जलभराव को देखते हुए करीब 80 सेंटीमीटर मिट्टी भराई की जाएगी।
सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में बरहनी ब्लॉक मुख्यालय परिसर में 45 लाख और धानापुर स्थित शहीद हीरा सिंह पीजी कॉलेज में 30 लाख रुपये की लागत से हेलिपैड बनाए जाएंगे। सकलडीहा विधानसभा के मथेला उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में 15 लाख तथा धरहरा ग्रामसभा में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से हेलिपैड का निर्माण प्रस्तावित है।
चकिया विधानसभा में तहसील के पास, शहाबगंज के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज और नौगढ़ ब्लॉक के सेमरा व कुशही में भी हेलिपैड बनाए जाएंगे। इन चार हेलिपैड पर करीब 2.20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इनसेट......
चारों विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत मुगलसराय, सैयदराजा, सकलडीहा और चकिया विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11 हेलिपैड बनाए जाएंगे। इससे वीवीआईपी कार्यक्रमों के संचालन के साथ ही आपदा राहत और आपातकालीन सेवाओं में भी सहूलियत होगी।
इनसेट.......
धरहरा में बनेगा सबसे महंगा हेलिपैड
धरहरा ग्रामसभा में बनने वाला हेलिपैड सबसे महंगा होगा। इस पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, चंदौली पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए मिट्टी भराई का अतिरिक्त काम कराया जाएगा, ताकि हर मौसम में हेलिपैड उपयोग के लायक बना रहे।
कोट.......
जिले में 11 हेलिपैड बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना शासन को भेज दी गई है। मंजूरी और बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड, चंदौली।