पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी में वीडीए द्वारा सील कॉमर्स एकेडमी। संवाद
अग्नि सुरक्षा और मानक के अनुरुप भवन न मिलने पर बुधवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की टीम ने पीडीडीयू नगर क्षेत्र के 11 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। सभी संस्थान बिना मानचित्र (नक्शा) वाले भवन में संचालित थे।
वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के निर्देश पर जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच की। इस दौरान कई संस्थान भवन निर्माण मानक, मानचित्र स्वीकृति और सुरक्षा संबंधी आवश्यक नियमों का पालन नहीं करते मिले।
वीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित भवनों की जांच की और अनियमितताएं मिलने पर तत्काल सील कर दिया। हाल ही में लखनऊ में हुए अग्निकांड और कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की कमी को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से जारी निर्देशों के बाद विकास प्राधिकरण ने अपने क्षेत्र में संचालित संस्थानों का निरीक्षण तेज कर दिया है। वीडीए के जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा ने बताया कि अनधिकृत रूप से संचालित इन संस्थानों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। भवनों को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
जिन भवनों में कोचिंग या लाइब्रेरी संचालित की जा रही है, उनके लिए स्वीकृत मानचित्र, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग, पार्किंग और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। कार्रवाई के बाद कोचिंग संचालकों की बेचैनी बढ़ गई। वीडीए की कार्रवाई के बाद पीडीडीयू नगर क्षेत्र के अन्य कोचिंग संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी हलचल तेज हो गई है।
कई संचालक अपने दस्तावेजों, भवन मानचित्रों और अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्रों को दुरुस्त कराने में जुट गए हैं। कार्रवाई के बाद संचालक घबरा गए।