चंदौली। अरविंदो सोसायटी एवं बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से मुख्यालय के महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के परिसर में शिक्षा में शून्य निवेश नवाचार एवं इनोवेटिव पाठशाला की प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। इसमें जिले के सभी विकास खंड के चयनित विद्यालय से आए शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसका शुभारंभ डीएम नवनीत सिंह चहल व बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह व डीआईओएस डा. विनोद राय ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करने के साथ ही दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं प्रदर्शनी में आए हुए सभी स्कूलों के स्टॉल पर सजाए गए मॉडल्स, टीएलएम एवं नवाचारों का अवलोकन किया।
डीएम ने कहा कि शिक्षक के अंदर सृजन क्षमता का होना बहुत जरूरी है, तभी वह देश व समाज को सही राह दिखाने का काम करते हैं। शिक्षक अपनी सृजन क्षमताओं के बूते ही विद्यार्थियों में मेधा व संस्कार रूपी रंग भरने का काम करते हैं। वहीं बीएसए सभी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान कर सम्मानित किया। अरविंदो सोसायटी के प्रतिनिधि के रूप में वाराणसी मंडल प्रभारी प्रियंक त्रिगुणायत गोरखपुर डिवीजन हेड अशोक सिंह, उत्तराखंड प्रभारी मंजूल पंत एवं उनके सहयोगी अभिषेक झा ने सभी शिक्षकों को नवाचार से संबंधित अतिरिक्त जानकारीदी। इस दौरान डाइट प्राचार्य भूपेंद्र कुमार सिंह, डा.रामचंद्र शुक्ला, डा. संतोष सिंह, अवनीश श्रीवास्तव, विजय प्रताप यादव, प्रकाश चंद्र, आनंद कुमार, अशोक यादव, डा.देवेंद्र प्रताप यादव, बहादुर सिंह रहे।