पीडीडीयू नगर। रेलवे के डीजल शेड में इंजन की मरम्मत करते समय चिंगारी से स्क्रैब में आग लग गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रेलकर्मियों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे के प्रयास के बाद आग बुझाई। इस दौरान एक घंटे तक शेड में काम ठप रहा।
पूर्व मध्य रेलवे स्थानीय मंडल में रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर डीजल शेड में इंजनों की मरम्मत होती है। इंजन से निकले मलबा आदि यहीं खुले में रखा रहता है। गुरुवार की सुबह आठ बजे इंजन की मरम्मत के दौरान गैस कटर से इंजन के चादर को काटा जा रहा था। इंजन के टैंक में कुछ डीजल पड़ा हुआ था। इसी बीच चिंगारी डीजल तक पहुंच गई और टैंक में आग लग गई। टैंक से रिसकर कुछ डीजल नीचे गिरा था और इसके सहारे आग समीप में रखे स्क्रैब तक पहुंच गई। इस तरह इंजन के साथ स्क्रैब धू धू कर जलने लगी। इससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। रेलकर्मियों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग और विकराल हो गई। इसके बाद दूसरी गाड़ी आई उसमें रखे फोम के सहारे एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। इसके बाद रेलकर्मियों ने राहत की सांस ली। हालांकि इससे बहुत नुकसान नहीं हुआ लेकिन एक घंटे तक शेड में काम काज ठप रहा।