टाडांकला। चहनियां विकास खंड अंतर्गत मारुफपुर तिरगांवा गांव में स्थित जल निगम के मिनी पानी टंकी का मोटर जलने से छह गांवों की पानी आपूर्ति ठप है। जिससे काफी परेशानी हो रही है। अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
क्षेत्र में वर्ष 2005 में इलाके में पेयजल आपूर्ति के लिए जल निगम की ओर से मिनी पानी टंकी स्थापित की गई थी। इस टंकी से मारूफपुर, नदेसर, तिरगॉवा, हसनपुर, मझिलेपुर, भुसौला सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में पानी आपूर्ति होती है। नियमित देख भाल न होने और कर्मचारी की नियुक्ति न होने की वजह से पानी टंकी स्थिति जर्जर हो गई है। एक पखवारा पहले पानी टंकी का मोटर जल गया। इससे गांवों में पानी आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत जल निगम के अधिकारियों से की लेकिन अब तक मोटर की मरम्मत नहीं हुई। इससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। क्षेत्र के शिवशंकर यादव, कमलेश यादव, संदीप यादव, नीरज मिश्र, जटायु मिश्र, रामसूरत यादव, रामलाल यादव, दिनेश यादव आदि ने बताया कि देख भाल के अभाव में आए दिन मोटर जल जाता है और पानी आपूर्ति ठप हो जाती है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मोटर की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में जल निगम के अभियंता पुरुषोत्तम राम ने बताया कि कर्मचारियों की कमी की वजह से पानी टंकी पर कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की गई है। मोटर जलने के कारण पानी आपूर्ति ठप है, दो दिन में मोटर की मरम्मत कराकर पानी आपूर्ति बहाल की जाएगी।