चकिया। सिविल लाइन पश्चिम में शनिवार को राजकीय बालिका छात्रावास का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा विधायक कैलाश आचार्य के अनुपस्थित होने के पर आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार सिंह यादव ने 100 बेड के बालिका छात्रावास का फीता काटकर शुभारंभ किया।
मोबाइल फोन के माध्यम से भाजपा विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार बालिकाओं के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। अब बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। यूपी बोर्ड, सीबीएसई व आईसीएसई की टॉपर भी बेटियां ही हैं। बालिका छात्रावास आरंभ होने से छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार सिंह यादव ने कहा कि छात्राओं को स्वावलंबी व निडर बनने की आवश्यकता है। छात्रावास में 100 छात्राओं के प्रवेश किए जाने हैं। वार्डन संगीता खरवार ने बताया कि सोमवार से लगभग 40 छात्राएं छात्रावास में रहना शुरू कर देंगी। कक्षा 9 से इंटरमीडिएट तक की छात्राओं को छात्रावास की सुविधा दी गई है।