चंदौली। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनवरी से जुलाई तक चलाए गए अभियान में जिले में अब तक 10 डेंगू मरीज मिले हैं, जबकि मलेरिया का एक भी केस सामने नहीं आया है।
पं. कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय की ओपीडी में इन दिनों रोजाना 1200 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें 300 से ज्यादा बुखार से पीड़ित हैं।
चिकित्सक बुखार के मरीजों की डेंगू, टाइफाइड और मलेरिया की जांच करा रहे हैं। पैथोलॉजी विभाग के कर्मचारियों के अनुसार जांच के दौरान प्रतिदिन 6–8 टाइफाइड मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। हालांकि सभी मरीज दवा से स्वस्थ हो रहे हैं। जिला अस्पताल में डेंगू और मलेरिया वार्ड बनाया गया है, मगर वर्तमान में वहां कोई मरीज भर्ती नहीं है।
जनवरी से जुलाई तक जिले में एक लाख से अधिक लोगों की जांच की गई, लेकिन अब तक एक भी मलेरिया मरीज नहीं मिला।