पूर्वांचल के सबसे पिछड़े इलाके के लोगों को केंद्र सरकार ने दिवाली के पहले बड़ा तोहफा दिया है। कैबिनेट की बैठक में पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से बहराइच से खलीलाबाद के बीच 240 किमी लंबी नई रेलवे लाइन बिछाने को मंजूरी दी गई।
ब्रॉड गेज की इस नई लाइन के बिछने से बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जिले के लोगों को रेल की सुविधा अपने आसपास के इलाकों से मिलने लगेगी। परियोजना की लागत 4940 करोड़ है। वर्ष 2024-25 तक इस रूट पर ट्रेन चलाने का लक्ष्य रखा गया है।
नेपाल की सरहद के पास वाले इस इलाके में रेल सेवा न होने से लोगों को काफी दिक्कत होती है। नई रेल लाइन बिछने से यात्री बहराइच से सीधे खलीलाबाद आ सकेंगे। यहां से उनके लखनऊ और बिहार जाने का रास्ता आसान हो जाएगा। नई रेल लाइन निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि बहराइच से खलीलाबाद के बीच नई रेल लाइन बिछने से इलाके के लाखों लोगों का सफर आसान हो जाएगा। पर्यटकों को भी काफी सहूलियत होगी।