बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से उसके रिश्तेदार ने पुत्र की नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब तीन लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी व उसके साथी उसे हत्या की धमकी दे रहे हैं। उसने अब एसएसपी को शिकायती पत्र देकर मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा निवासी रविंद्र सिंह ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी गाजियाबाद में रिश्तेदारी है। रिश्तेदार का एक पुत्र लखनऊ में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। जबकि पीड़ित का पुत्र बीते करीब दो वर्ष से नौकरी की तलाश में है। फरवरी 2023 में पीड़ित का गाजियाबाद निवासी रिश्तेदार किसी काम से बुलंदशहर आया था। उस दौरान आरोपी ने पीड़ित से उनके पुत्र की नौकरी लगवाने की बात कही। जिस पर पीड़ित भी राजी हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पिता-पुत्र ने नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने भरोसे में आकर उन्हें तीन लाख रुपये दे दिए। अन्य रकम नौकरी लगने के बाद देना तय हुआ था।
आरोप है कि समय बीतने के बावजूद उनके पुत्र की नौकरी नहीं लगी। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि आरोपियों ने उनके साथ ठगी की है। पीड़ित ने जब आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो उनके साथ अभद्रता करते हुए घर से निकाल दिया। साथ ही भविष्य में रुपये मांगने पर हत्या की धमकी दी है। एसएसपी ने मामले में थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।