लाखों रुपये का सोना लेकर कारीगर चंपत हुआ।
सराफा व्यापारियों का लाखों का सोना लेकर चंपत हुआ कारीगर
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न सराफा व्यापारियों का काम करने वाला एक कारीगर चंपत हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथ व्यापारियों का लाखों रुपये कीमत का सोना भी ले गया है। उसके भागने के बाद सराफा व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सराय गुसाई का एक युवक सोने-चांदी के जेवरात बनवाता है। कई सालों से सराफा बाजार समेत नगर क्षेत्र के कई सराफ उसे सोना-चांदी देकर ज्वैलरी बनवाते हैं। बताया गया कि बीते दिनों आरोपी युवक को करीब एक दर्जन सराफा व्यापारियों ने ज्वैलरी बनवाने के लिए सोना दिया। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को जब सराफा व्यापारियों ने आरोपी कारीगर को फोन किया तो उसका फोन रिसीव नहीं किया। बाद में आरोपी युवक का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद खोजबीन करने पर आरोपी युवक के फरार होने का पता चला। पीड़ित सराफा व्यापारियों ने नगर कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। सराफा व्यापारियों से हड़पे गए सोने की कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है। नगर कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी युवक का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।