अनूपशहर में पेजयल पाइप लाइन बिछाने के लिए पहुंची पाइप। संवाद
बुलंदशहर। कस्बे की छह से अधिक कालोनियों के छह हजार से अधिक परिवारों के लिए एक अच्छी खबर है। 18.60 करोड़ की लागत से बिछने वाली 75.5 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने के साथ अन्य कार्य शुरू हो गए हैं। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार यह कार्य वर्ष 2025 तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद लोगों को भरपूर शुद्ध पेयजल मिलेगा।
अमृत योजना के तहत ही केंद्र सरकार ने गांवों में घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन योजना संचालित की है। अमृत टू योजना के तहत जल निगम को पिछले दिनों अनूपशहर में नगर पालिका के सीमा विस्तारित क्षेत्र में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अमृत निदेशालय से स्वीकृति मिलने पर अफसरों ने डीपीआर तैयार करते हुए एसएलटीसी (स्टेट लेवल टेक्निकल कमेटी) के समक्ष पेश किया था। इस पर अनुमति देते हुए 18.60 करोड़ की राशि खर्च करने का प्रावधान रखा गया। इसके साथ ही इस कार्य को पूरा करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई। अब टेंडर लेने वाली फर्म ने काम शुरू कर दिया है।
बताया गया कि यह कार्य नगर पालिका की ओर से सीमा विस्तार के बाद शामिल की गई भारद्वाज कालोनी, शिव विहार कालोनी, खुशहालगढ़ रोड, मलकपुर रोड समेत अन्य कालोनियों में कुल 75.5 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। एक 1500 किलो लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी बनेगी और दो नए ट्यूबवेल बनें। इसके अलावा पहले से संचालित दो ट्यूबवेल को रीबोर किया जाएगा, ताकि निर्बाध पेयजल की सप्लाई बरकरार रहे। पालिका के अधिकारियों के अनुसार पालिका क्षेत्र में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए फिलहाल चार ट्यूबवेल लगे हैं। योजना के तहत दो नए ट्यूबवेल बनने के बाद नगर में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कुल छह ट्यूबवेल हो जाएंगे। इस तरह से अब जल्द ही पेयजल की किसी को भी समस्या नहीं रहेगी।
कस्बे में पाइप लाइन बिछाने के साथ अन्य काम शुरू हो गए हैं। इस कार्य को पूरा करने के लिए टेंडर लेने वाली फर्म को 2025 तक का समय दिया गया है। यह कार्य पूरा होने पर कस्बे में पेजयल की समस्या नहीं रहेगी। - बृजेश गोयल, अध्यक्ष, नगर पालिका अनूपशहर।