नगर कोतवाली क्षेत्र के खिड़की ऊपरकोट पर एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई है।
चौखंटी ऊपरकोट निवासी मोहम्मद शहजाद पुत्र हाजी हामिद ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी भांजी नूरीन पुत्री साजिद का निकाह 24 सितंबर 2016 को खिड़की वाला ऊपरकोट निवासी मोसिन पुत्र शकील के साथ किया था। निकाह के समय अपनी हैसियत के हिसाब से दान-दहेज दिया था।
लेकिन दान-दहेज से उसके पति मोसिन, ससुर शकील, सास मुन्नी, जेठ साकिर व फिरोज खुश नहीं थे। आरोपी दहेज के रूप में एक बाइक और दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मोहम्मद शहजाद ने पुलिस को बताया कि भांजी जब-जब मायके आती थी तो अतिरिक्त दहेज की बात बताती थी।
31 जनवरी की सुबह करीब सात बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि नूरीन की उसके ससुराल वालों ने फंदा लगाकर मार दिया है। सूचना पर शहजाद तथा उसका मामा साजिद पुत्र मुन्ना निवासी गांव दरियापुर थाना कोतवाली देहात और अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
देखा कि नूरीन की लाश खाट पर पड़ी थी। पीड़ित शहजाद ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसआई डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।