बुलंदशहर। हरियाली तीज को लेकर महिलाओं खासकर नवविवाहिताओं में खासा उत्साह है। महिलाओं ने शुक्रवार को बाजारों में पहुंचकर जमकर खरीदारी की। बाजार में मेहंदी लगवाने के लिए भीड़ लगी रही। चूड़ियों और शृंगार सामग्री की दुकानों पर भी भीड़ रही। सजने-संवरने के लिए महिलाएं ब्यूटी पार्लर पर भी पहुंचीं।
हरियाली तीज शनिवार को मनाई जाएगी। इसे लेकर महिलाओं, युवतियों और बच्चों में हरियाली तीज को लेकर खासा उत्साह है। ऐसे में शुक्रवार शहर के अंसारी रोड, चौक बाजार, बूरा बाजार, डिप्टी गंज, लाल कुआं और सराफा बाजार में महिलाएं खरीदारी करने पहुंचीं। मेहंदी लगवाने के साथ ही महिलाओं ने शृंगार का सामान भी खरीदा। हालांकि पूरा दिन भीषण गर्मी रही, लेकिन महिलाएं खरीदारी करने में पीछे नहीं रहीं। बाजारों में देर रात्रि तक खरीदारी का सिलसिला जा रहा। शनिवार को घरों के आंगन, बागों व पार्क में में महिलाएं अपनी सखियों संग झूला झूलकर हरियाली तीज मनाएंगी।
विज्ञापन
घेवर, गुजिया व पापड़ी समेत मिष्ठान की भी खरीदारी
हरियाली तीज को लेकर एक ओर जहां बाजारों में खरीदारी के लिए रौनक रही। वहीं, दूसरी ओर बाजार में घेवर, गुजिया व पापड़ी समेत अन्य मिष्ठान की भी खूब खरीदारी हुई। सभी ने अपनी पसंद अनुसार मिष्ठान खरीदा। पूरा दिन मिष्ठान विक्रेताओं के यहां भी खरीदारी करने वाले लोगाें का आना-जाना लगा रहा।
सुहागिन महिलाओं के लिए खास है त्योहार
पंडित नरेश शर्मा के अनुसार हरियाली तीज भगवान शिव और देवी पार्वती के मिलन का उत्सव है। तीज का दिन हर सुहागिन महिला के लिए बेहद ही खास होता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत करती हैं। तीज के दिन महिलाएं अपने ससुराल से मायके जाकर सज-धज कर शृंगार कर झूला झूलती हैं। कहते हैं कि हरियाली तीज का व्रत अखंड सौभाग्य की प्राप्ति और दांपत्य जीवन में खुशहाली के लिए रखा जाता है।