खुर्जा तहसील पर आधार कार्ड केवाईसी में हो रही दिक्कत के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंची महिलाएं
खुर्जा। तहसील पर शुक्रवार को महिलाओं ने आधार कार्ड की केवाईसी नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन किया। साथ ही एसडीएम दुर्गेश सिंह को ज्ञापन देकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
प्रदर्शनकारी महिला रेशमा ने बताया कि आधार कार्ड में फिंगर प्रिंट, मोबाइल नंबर, पता और फोटो अपडेट करने के लिए वह लगातार डाक खाने और बैंकों के चक्कर काट रही हैं। मगर कहीं भी आवेदन फार्म नहीं मिल रहा है। फार्म के लिए मारामारी रहती है। डाककर्मी रुपये लेकर केवाईसी का कार्य कर रहे हैं।
नेहरूपुर चुंगी निवासी पिंकी ने बताया कि आधार कार्ड में बच्चे का फोटो बदलवाना है। इसके लिए वह फार्म लेने के लिए कई दिनों से प्रधान डाकघर पर जा रही हैं। जल्दी आने के बाद भी फार्म नहीं मिलता है।
सीकरा गांव निवासी मिथलेश ने बताया कि वह अपने बच्चों के फिंगर आधार कार्ड में अपडेट कराने के लिए पिछले दो महीनों से भटक रही हैं। इस दौरान गुलिस्ता, किश्वर, नाजरीन, आदि महिलाएं मौजूद रहीं।