बुलंदशहर। मिशन शक्ति 6.0 के तहत शनिवार को जिले की सातों तहसीलों में पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का पहले से पर्याप्त प्रचार-प्रसार न होने के कारण महिला फरियादियों को निराशा हाथ लगी। पर्याप्त संख्या में महिला फरियादी शिकायत लेकर ही नहीं पहुंचीं। इसके अलावा तहसीलों में जो महिलाएं शिकायत लेकर पहुंचीं, उनकी शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण नहीं किया गया।
खुर्जा तहसील में व्यवस्था ही सवालों के घेरे में आ गई। यहां दोपहर 12 बजे तक एसडीएम और सीओ सहित प्रमुख अधिकारी मौजूद नहीं थे। फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए केवल नायब तहसीलदार और बीडीओ ही उपलब्ध रहे। जिलेभर की तहसीलों में कुल 233 शिकायतें पहुंचीं लेकिन इनमें से महज 33 का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
अधिकारी नहीं पहुंचे, फरियादी लौटे
खुर्जा तहसील सभागार में आयोजित पिंक संपूर्ण समाधान दिवस में दोपहर 12 बजे तक एसडीएम सत्येंद्र सिंह और सीओ शोभित कुमार अत्री मौजूद नहीं थे। बीडीओ स्मृति अवस्थी और नायब तहसीलदार ने ही फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए। दोपहर 12 बजे तक कोई महिला फरियादी भी शिकायत लेकर नहीं पहुंची थी। अधिकारियों की गैरमौजूदगी के चलते फरियादियों को निराशा का सामना करना पड़ा।
एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय पर बैठक होने के कारण वह समाधान दिवस में मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार ने शिकायतें सुनीं। वहीं, सीओ शोभित कुमार अत्री की ड्यूटी बुलंदशहर में हुई हत्या की घटना के सिलसिले में लगाई गई थी। खुर्जा तहसील में कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं लेकिन किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
सदर में 40 शिकायतें, 12 का निस्तारण
सदर तहसील में जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां 40 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
शिकारपुर में सबसे अधिक शिकायतें
तहसील में एडीएम वित्त अभिषेक कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिकायतें सुनीं गईं। इस दौरान सबसे अधिक 68 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से नौ का मौके पर निस्तारण किया गया। स्याना में 37 शिकायतों में से चार, सिकंदराबाद में 16 में से चार, अनूपशहर में 32 में से दो और डिबाई में 16 में से दो शिकायतों का निस्तारण हुआ। इसके अलावा डिबाई में एसडीएम रविकांत चौबे की अध्यक्षता में कुल 16 शिकायतें दर्ज की गईं, इनमें से केवल एक शिकायत का निस्तारण किया गया।