गुलावठी। पुलिस ने मेरठ से चोरी किए गए कपड़ों के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की शिनाख्त आसमा निवासी बारादरी पंजाबीयान खुर्जा के रूप में हुई है। उसके पास से तीन जैकेट छोटी, चार जैकेट बड़ी, 9 हाफ लेडीज कार्डिगन, 28 जींस, 52 बच्चों के सूट बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक महिला जो पैंठ बाजार में कपड़े चोरी करती है। वह मेरठ से कपड़ा चोरी करके आ रही है। इस सूचना पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि महिला ने मेरठ के अलग-अलग स्थानों से यह कपड़े चोरी किए थे। महिला कार में सवार होकर कपड़ों के साथ खुर्जा जा रही थी। उसने कपड़े प्लास्टिक के बैग में रखे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि गाड़ी चालक के पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह सवारी के तौर पर महिला को खुर्जा ले जा रहा था। उसे इसका संज्ञान नहीं था। पुलिस ने गाड़ी का चालान कर आरोपी महिला को भी जेल भेज दिया है। संवाद