बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव भटवारा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर दुकान में बंद कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने 112 पर कॉल कर हादसे की सूचना पुलिस को दी।
हादसे में निशा पत्नी सलमान, उम्र करीब 30 वर्ष, की मौके पर मौत हो गई। निशा अपने देवर शाहरुख के साथ पुत्री की दवाई लेने के लिए बाइक से खुर्जा आ रही थी। हादसे के बाद महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार अत्री और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों की पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। हंगामा करीब ढाई घंटे तक चला। पुलिस ने लोगों को समझाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही सीओ समेत कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। खुर्जा सीओ शोभित कुमार ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों की मांगों पर विचार किया जा रहा है।