खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के शहबाजपुर भाल गांव में बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसमें महिला के परिजनों ने गांव में रहने वाले कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस मारपीट की घटना से इन्कार कर रही है। हालांकि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर पर जांच की जा रही है।
शाहबाजपुर भाल गांव निवासी सूरज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव में रहने वाले कुछ लोग उनके परिवार से रंजिश मानते हैं। ऐसे में आए दिन पीड़ित परिवार से झगड़ा करते रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह अपने भाई बबली के साथ खेत पर काम करने गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी राजकुमार और मां राजवती उर्फ रज्जो (55) घर पर अकेले ही थीं। आरोप है कि इस दौरान सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव में रहने वाले चार-पांच लोग लाठी डंडा लेकर उनके घर आ गए। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने उनकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी राजकुमारी बीच बचाव करने लगी तो उसको धक्का देकर हटा दिया। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली रानी देवी, नीतू और अन्य लोग आ गए।
इसके बाद आरोपी धमकी देकर वहां से भाग गए। पत्नी ने फोन कर पीड़ित को घटना की सूचना दी। सूचना पर वह घर पहुंचा और घायल मां को जटिया अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां पर चिकित्सकों ने राजवती को मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिजन बिलख उठे। वहीं, गांव में मातम पसर गया। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी।
दो दिन पहले झगड़ा होने पर गांव में हुई थी पंचायत
मृतका राजवती के भतीजे गोपाल ने बताया कि दशहरा वाले दिन 20 अक्टूबर को मनोज, बबली व उनके अन्य भाई खुर्जा नगर में रामलीला मेला देखने गए थे। जहां से लौटते वक्त उनकी और दूसरे पक्ष के बीच झगड़ा हो गया। इस संबंध में बुधवार को गांव में पंचायत हुई। जहां पर दोनों पक्ष को समझौता करने की बात की गई। पीड़ित पक्ष समझौता के लिए सहमत हो गया, लेकिन दूसरे पक्ष सहमत नहीं था। उसने पीड़ित पक्ष को पुलिस कार्रवाई करने की धमकी दी थी। तभी से पीड़ित परिवार घटना को लेकर भयभीत था।
मृतका के शरीर पर कोई भी जाहिर चोट नहीं है और मौत का कारण संदिग्ध है। परिजनों का आरोप है कि एक अन्य पक्ष ने मारपीट की है। इस संबंध में गांव पूछताछ की गई है, तो किसी ग्रामीण ने कोई मारपीट की घटना नहीं देखी। फिर भी इन दोनों पक्षों के बीच में जो भी विवाद है, उसकी जानकारी की जा रही है। जिन लोगों पर मारपीट का आरोप है, उसमें से दो दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अंतरिक्ष जैन, एसपी देहात, बुलंदशहर