बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर भाल में महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार करीब तीन दिन से दो परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। गांव निवासी गोपाल ने बताया कि उनके परिवार के बच्चे और पड़ोस में रहने वाले दूसरे परिवार के बच्चों के बीच विवाद चल रहा था। दशहरा के दिन खुर्जा में रामलीला मेला देख कर आ रहे दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस संबंध में बुधवार को पंचायत हुई। इसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
विज्ञापन
आरोप है समझौते के बावजूद बृहस्पतिवार को दूसरे पक्ष के लोग उनके घर मारपीट करने आ गए। घर पर उनकी ताई राजवती (55) और भाभियां थी। तभी उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान ताई नीचे गिर गईं और बेहोश हो गईं। आरोपी धमकी देकर वहां से भाग गए।
परिजन जटिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सीओ खुर्जा अनिल शाही का कहना है कि झगड़े के दौरान महिला की मौत की जानकारी मिली है। परिजनों से वार्ता की जा रही है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।