बुलंदशहर। व्यापारी के खाते से केवाईसी के नाम पर साइबर ठगों ने 1.05 लाख रुपये ठग लिए। एक अन्य युवक के खाते से भी 60 हजार रुपये निकाले गए हैं। दोनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला साठा निवासी अरविंद का फल-सब्जी का व्यापार है। पीड़ित अरविंद के अनुसार गत 14 नवंबर को उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से कॉल आई। कॉलकर्ता ने खुद को एक बैंक का अधिकारी बताते हुए उसका खाता केवाईसी न होने के चलते बंद होने की बात कही और फोन पर एक लिंक के माध्यम से केवाईसी करने की बात कही। आरोपी की बातों में आकर उन्होंने फोन पर भेजे गए लिंक को खोलकर अपने खाते से संबंधित जानकारी दे दी। कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 1.05 लाख रुपये किसी अन्य बैंक के खाते में ट्रांसफर हो गए। मोबाइल पर रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चल सका।
वहीं मोहल्ला शांतिनगर निवासी शिक्षक सचिन ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। 16 नवंबर को अंजान व्यक्ति ने उनको कॉल कर झांसे में लेकर बैंक खाते के डेबिट कार्ड के संबंध में जानकारी हासिल कर ली। इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्हें भी मोबाइल पर मैसेज आने पर ठगी का पता चल सका। एसएसपी ने दोनों मामलों में साइबर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।