एसबीआई की शाखा पर कैश लेने के लिए उमड़े लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
तीन दिन बाद बैंक खुलेंगे, लेकिन सुबह में लोगों को रुपया नहीं मिलेगा। लीड बैंक समेत अधिकांश बैंक बिना कैश के ही खुलेंगे। तीन दिन की छुट्टी के बाद भी लोगों को मंगलवार को राहत नहीं मिलेगी। ऐसे में बैंकों पर भीड़ उमड़ने के साथ ही मारामारी मच सकती है। लोगों को कुछ बैंकों में दोपहर बाद ही कैश मिल सकता है।
शुक्रवार के बाद बैंक अब मंगलवार को खुलेंगे। बैंकों के खुलने का फायदा लोगों को नहीं मिलेगा। लीड बैंक पीएनबी के पास शुक्रवार से ही कैश नहीं है। इसके अलावा अन्य बैंकों के पास भी कैश खत्म हो चुका है। सिर्फ एसबीआई, इलाहाबाद और निजी बैंकों की कुछ शाखाओं के पास ही कैश मौजूद है।
लोग बड़ी संख्या में कैश निकालने के लिए बैंकों पर पहुंचेंगे, बैंकों में कैश नहीं होने से उन्हें मायूसी हाथ लगेगी। लीड बैंक पंजाब नेशनल बैंक के पास तो चिल्लर तक मौजूद नहीं है। बैंक अफसरों को उम्मीद थी कि सोमवार रात तक कैश चेस्ट में आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
अब बैंक अफसर उम्मीद लगा रहे हैं कि शायद मंगलवार को दोपहर तक कैश आ जाए, लेकिन इसकी उम्मीद बहुत कम हैं। तीन दिन बाद बैंक खुलने से बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में यदि कैश न मिला तो मारामारी मच सकती है। इसको देखते हुए सभी बैंक शाखाओं पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहने के निर्देश एसएसपी सोनिया सिंह ने दिए हैं।
अभी नहीं मिला कैश : एलडीएम
लीड बैंक मैनेजर सतपाल मेहता का कहना है कि जिले की किसी भी पीएनबी शाखा में कैश नहीं है। उम्मीद थी कि सोमवार को कैश चेस्ट में पहुंच जाएगा, लेकिन मायूसी हाथ लगी। तीन दिन बाद बैंक खुलेंगे, ऐसे में दोपहर बाद तक कैश पहुंच सकता है।