बैंकों के पास कैश नहीं। बाहर लंबी-लंबी लाइन और हंगामा। लोग कैश के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। घंटों लाइन में लगने के बाद उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। कई जगह कैश नहीं मिलने के कारण जोरदार हंगामा हो रहा है। ऐसे में बैंक अफसरों को समझ नहीं आ रहा कि वह क्या करें?
अब कैश नहीं मिलने से परेशान लीड बैंक मैनेजर सतपाल मेहता ने आरबीआई को पत्र लिखकर जनता की परेशानी का हवाला दिया है। उन्होंने तत्काल जिले की जरुरत के हिसाब से कैश की मांग की है।
जिले में अब तक 800 करोड़ रुपये बैंकों द्वारा बांटे जा चुके हैं, लेकिन यह लोगों की जरुरत के हिसाब से काफी कम है। खुद बैंक अफसर भी आरबीआई की तरफ से पर्याप्त कैश जारी नहीं होने से परेशान हैं। बैंकोें के बाहर लोगों को कई-कई दिन तक लाइन में लगकर वापस लौटना पड़ रहा है।
ऐसे में लोगों की परेशानी का हवाला देते हुए लीड बैंक मैनेजर ने आरबीआई को पत्र लिखकर कैश जारी करने की मांग की है। एलबीएम ने पत्र में बताया है कि घंटों लाइन में लगने के बावजूद पैसा नहीं मिलने से लोग उत्तेजित हो रहे हैं।
कई जगह हंगामा हो रहा है। ऐसे में लोगों की सहूलियत को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में कैश जारी किया जाए। लीड बैंक मैनेजर सतपाल मेहता का कहना है कि कैश जारी करने के लिए आरबीआई को पत्र लिखा गया है। पत्र में लोगों की परेशानी का हवाला भी दिया गया है।
एटीएम में कैश नहीं होने पर वापस लौट रहे लोग
तीन दिन बैंक बंद होने से एटीएम पूरी तरह खाली हो गये हैं। सोमवार को किसी भी एटीएम में पैसा नहीं था। सोमवार को आरबीआई की तरफ से कैश जारी नहीं होने के कारण मंगलवार को भी किसी एटीएम में शायद ही पैसा मिल सके।
एटीएम में पैसा नहीं होने के कारण लोग वापस लौट-लौट कर जा रहे हैं। शनिवार, रविवार और फिर सोमवार की छुट्टी होने के कारण बैंक बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंकों में कैश नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।