होली के त्योहार के मद्देनजर जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। ऊर्जा सचिव की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि 14 मार्च की रात 12 बजे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। सिर्फआपात स्थिति में कटौती की जाएगी। वहीं रंगों के त्योहार की वजह से नगर पालिकाएं घरों में अतिरिक्त पानी देंगी।
पानी की सप्लाई तीन शिफ्ट में सुबह-शाम और दोपहर में होगी। ऊर्जा सचिव की ओर से बिजली अफसरों को आदेश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि होली के त्योहार पर 14 मार्च की रात 12 बजे तक बिजली कटौती नहीं की जाएगी। सिर्फ आपातकाल के दौरान ही बिजली कटौती की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता राजेश सिंह ने बताया कि मतगणना के बाद होली के पर्व के मद्देनजर निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। ऊर्जा सचिव के आदेश के बाद सभी एक्सईएन और एसडीओ को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सिर्फ इमरजेंसी के दौरान ही बिजली कटौती की जाएगी।
वहीं रंग और पानी के त्योहार पर नगर पालिकाएं घरों में अतिरिक्त पानी की सप्लाई देंगी। यह पानी सुबह और शाम की शिफ्ट के अलावा दोपहर की शिफ्ट में 12 से 2 बजे के बीच दिया जाएगा। ऐसा होली पर पानी की अतिरिक्त जरूरत के चलते किया जाएगा। इससे लोगों को रंग खेलने और उसे छुड़ाने में दिक्कत नहीं जाएगी।
रंगो के त्योहार
होली में पानी की जरूरत होती है। इसलिए लोगाें की आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त पानी की सप्लाई देने के निर्देश दिए गए हैं। यह पानी दिन में तीनों शिफ्ट में दिया जाएगा। - एके सिंह, ईओ, नगर पालिका
होली पर छतारी क्षेत्र की बिजली गुल
होली पर भी छतारी कस्बा सहित क्षेत्र के कई गांवों की बिजली गुल रही। पिछले तीन दिनों से बिजली न आने के कारण लोग परेशान हैं। शिकायत के बाद भी आपूर्ति सुचारु नहीं हुई। छतारी और गांव बान, सहार, बैरमनगर, धौरऊ, पंड्रवल, चौढेरा, बदरखा, कीरतपुर, बीकूपुर, समसपुर आदि गांवों की बिजली शुक्रवार से ही गुल है।
बताया जा रहा है तेज हवाओं के साथ आई बारिश के दौरान तारों में फाल्ट होने से समस्या हुई है। क्षेत्र के लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यह हाल तब है जब शासन ने होली में बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं।
जेई धनंजय सिंह पटेल ने बताया कि हाईटेंशन विद्युत लाइन का पोल टूटने से समस्या हुई है। काम चल रहा है, जल्द ही उसे ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।