विजिलेंस ने छापेमारी कर नरौरा क्षेत्र के गांव नगला जाड़ी गांव में लगभग सभी घरों में बिजली चोरी होते पकड़ी। विजिलेंस ने 12 से जुर्माना वसूला तो 32 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
खास बात यह है कि इस गांव में सिर्फ 15 लोगों के पास विद्युत कनेक्शन हैं। मगर पूरा गांव कटियाबाजी से बिजली प्रयोग कर रहा था। बिजली चोरी का खेल अफसरों और कर्मियों की शह पर ही चल रहा है, यह बात भी सामने आई है।
नरौरा क्षेत्र के नगला जाड़ी गांव में गोपनीय सूचना के बाद पावर कारपोरेशन की विजिलेंस टीम ने छापामार कार्रवाई की। गांव में विजिलेंस की छापेमारी से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कटिया उतारनी शुरू कर दी। लगभग पूरे गांव में बिजली चोरी चल रही थी।
पूरे गांव में चल रही बिजली चोरी ने जेई और कर्मियों की मिलीभगत भी उजागर कर दी। गांव में 44 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इसमें से 32 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा 12 से जुर्माना वसूला गया।