सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र में होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 66.64 करोड़ की लागत से नाले, नालियों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं 12.30 करोड़ की लागत से औद्योगिक क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों की मरम्मत की जाएगी। इसके लिए शासन ने बजट पास कर दिया है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ बैठक में यूपीसीडा के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सिकंदराबाद चैप्टर चेयरमैन विकास शर्मा ने बताया कि संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों की उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के अधिकारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को लेकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सैलकॉम टेलीसर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में यूपीसीडा के अधिकारियों ने जानकारी दी कि औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम को विकसित करने के लिए आईआईटी रूड़की से सर्वे कराया गया था। इसके बाद निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। ड्रेनेज सिस्टम को विकसित करने, सड़कों की मरम्मत, अन्य कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिए गए है।
टेंडर प्रक्रिया के पूरा होने के साथ ही दिसंबर तक कार्य शुरू हो जाएगा। बताया कि इसके अलावा एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था, सुलभ शौचालयों की साफ-सफाई, ट्रकों को लिए पार्किंग बनाने आदि मुद्दों पर भी यूपीसीडा के अधिकारियों को अवगत कराया गया।
बैठक में यूपीसीडा के अधिकारियों के साथ वार्ता में एसोसिएशन के मंडल सचिव नितिन जैन, सिकंदराबाद चैप्टर चेयरमैन विकास शर्मा, उपाध्यक्ष आरबी वर्मा, सचिव रजत राही, पीके शर्मा आदि रहे।