बुलंदशहर से तीन बच्चों को अगवा कर उनकी गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी इमरान को दबोच लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्यारोपियों का इरादा बच्चों का अपहरण कर 5 लाख रुपए फिरौती वसूलना था। तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
एसएसपी एन कोलांचि ने बताया कि 24 मई की रात नगर के मोहल्ला फैसलाबाद से आसमा (8वर्ष) अलीबा (9वर्ष) और अब्दुल्ला (8वर्ष) नाम के तीन बच्चों को अगवा कर लिया गया था। शनिवार सुबह तीनों बच्चों के शव सलेमपुर के धतूरी क्षेत्र में मिले।
तीनों बच्चों की गोली मारकर हत्या की गई थी। मामले में पीड़ित पक्ष के माहे आलम की ओर से बिलाल पुत्र रहमत अली निवासी गांव जलीलपुर, सलमान पुत्र अलीमुद्दीन निवासी गांव जलीलपुर और इमरान उर्फ गंगा पुत्र असगर निवासी गांव मिर्जापुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
नगर पुलिस ने आरोपी बिलाल को शनिवार शाम को ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी इमरान को रविवार सुबह पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपी सलमान पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उसको रुपयों की जरूरत थी।
वहीं पीड़ित पक्ष से आरोपी सलमान, बिलाल आदि रंजिश मानते थे। इसके चलते उन्होंने बच्चों का अपहरण कर 5 लाख फिरौती वसूलने की साजिश रची। एसएसपी ने बताया कि आरोपी सलमान अभी फरार हैं। पुलिस की आठ टीम फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।