4.52 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी विटामिन-ए की खुराक
बुलंदशहर। जिले में बाल स्वास्थ्य पोषण माह कार्यक्रम के तहत 4.52 लाख बच्चों को बीमारी और कुपोषण से बचाने के लिए विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। जिला महिला अस्पताल में बुधवार को सदर विधायक उषा सिरोही ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए शासन और स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। तीसरी लहर में बच्चों में सर्वाधिक संक्रमण फैलने की संभावना होने पर विटामिन-ए की खुराक पिलाने की योजना बनाई है। बुधवार को विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर बाल स्वास्थ्य पोषण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सदर विधायक उषा सिरोही द्वारा फीता काटकर और नवजात शिशु को विटामिन-ए की खुराक पिलाई। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने और उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अलग-अलग टीम बनाने के साथ सभी ब्लॉकों को लक्ष्य आवंटित कर दिया है। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. राकेश चंद्रा ने बताया कि बाल स्वास्थ्य पोषण योजना के तहत 28 अगस्त तक जिले के 4.52 लाख बच्चों को बीमारियों से बचाव के लिए विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। यह खुराक नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को छह-छह माह के अंतराल पर दी जानी है। यह खुराक बच्चों को 11 गंभीर बीमारियों से बचाएगा। इस दौरान सीएमएस डॉ. ज्योत्सना समेत यूनीसेफ, डब्लूएचओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।