जहांगीराबाद क्षेत्र में पुलिस से नोंक-झोक करते ग्रामीण व ग्रामीणों कीे समझाती पुलिस।
जहांगीराबाद। नवीनगर विद्युत फीडर से जुड़े गांव की आपूर्ति बार-बार घंटों तक बाधित रहने से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार की देर रात बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने बिजलीघर पर तैनात एसएसओ से तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। बताया जा रहा है कि लोगों और एसएसओ के बीच तीखी नोकझोंक के बाद लोगों ने बिजलीघर का गेट बाहर से बंद कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजलीघर से जुड़े सभी गांवों के लोग बार-बार बिजली कटौती से परेशान हैं।
मंगलवार की रात करीब आठ बजे नवीनगर विद्युत केद्र से जुड़े गांव बुढ़ाना के ग्रामीण बिजलीघर पहुंचे और विद्युत कटौती को लेकर जमकर हंगामा किया। एसएसओ भंवर सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि गांव जुगसाना में उपखंड अधिकारी फुंका हुआ ट्रांसफार्मर बदलवा रहे हैं। जिसके बाद प्रदर्शन करने वाले लोग बिजलीघर का गेट बंद कर गांव जुगसाना खुर्द पहुंच गए। आरोप है कि इन ग्रामीणों ने एसडीओ की गाड़ी के चालक गुडडू से कहासुनी के बाद गाड़ी की चाबी छीन ली।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों के तेवरों को देखते हुए उपखंड अधिकारी रामाशीष यादव ने प्रधान के घर में शरण ली और पुलिस को सूचना दी। हंगामे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी महेंद्र त्रिपाठी, 11 मील चौकी प्रभारी फोर्स के साथ गांव जुगसाना खुर्द पहुंचे और प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया और एसडीओ को सुरक्षा के बीच वहां से निकाला।
गांव जुगसाना खुर्द में ट्रांसफार्मर बदला जा रहा था कि गांव बु़ढ़ाना के कुछ लोगों ने एसएसओ और ड्राइवर के साथ धक्का मुक्की व गाली गलौच की और गाड़ी की चाबी छीन ली। बिजलीघर का बाहर से गेट भी बंद कर दिया। इस प्रकरण से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जेई शिवम कुमार की ओर से कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। -
रामाशीष यादव, एसडीओ, शिकारपुर
दो ट्रांसफार्मर आने से उपभोक्ताओं को राहत
गुलावठी। कस्बे में 630 केवीए के दो ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के बाद क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। एसडीओ राधाकृष्ण राम ने बताया कि बिजलीघर पर 630 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। इस ट्रांसफार्मर से मैन बाजार, सर्राफा बाजार व पुराना बाजार की विद्युत आपूर्ति होती थी। ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी थी। इसके अलावा सैदपुर रोड पर स्टेट बैंक के सामने भी 630 केवीए के ट्रांसफार्मर भी ओवरलोड के कारण फुंक गया था। उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए वह स्वयं ट्रांसफार्मर लेने गए तथा 630 केवीए के स्थान पर अब 800 केवीए के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।