खानपुर। क्षेत्र के गांव नयाबांस में विकास कार्यों को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। महिलाओं और पुरुषों ने विधायक पर गांव में विकास कार्य नहीं कराने और विकास कार्यों में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाए। ग्रामीणों ने चुनाव में मतदान के बहिष्कार की चेतावनी भी दी।
क्षेत्र के गांव नयाबांस के ग्रामीणों ने विकास कार्य न कराए जाने का आरोप लगाते हुए विधायक के खिलाफ हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब दस वर्षों में गांव में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीण अशोक चौहान, रामचरण का आरोप है पिछले दस वर्षों में गांव में एक भी खड़ंजा तक नहीं लग सका है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव की कई सड़कें जर्जर हैं और बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
भाजपा मंडल मंत्री ने भी जताया विरोध
विरोध प्रदर्शन में भाजपा के मंडल मंत्री अशोक चौहान भी शामिल रहे। उन्होंने भी गांव में विकास कार्यों को लेकर असंतोष जताया। ग्रामीणों के साथ खड़े होकर उन्होंने विकास कार्यों में कथित भेदभाव का विरोध किया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है।
स्याना विधायक देवेंद्र लोधी का कहना है कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। गांव में सीसी रोड लगवाई गई है। बरौली रोड से मुख्य रास्ते के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को प्रस्ताव दिया गया है।