खुर्जा। सुभाष मार्ग पर पानी टंकी के पास खुले पड़े मैन होल में रविवार सुबह साइकिल सवार एक बच्चा फंस गया। इसमें वह चोटिल हो गया। राहगीरों ने उसे सुरक्षित बाहर बाहर निकाला।
वार्ड सभासद गोलू माहौर ने बताया कि रविवार सुबह एक साइकिल सवार बच्चा मार्ग से गुजर रहा था। जो साइकिल समेत अचानक मैन होल में गिर गया। गनीमत रही कि राहगीरों ने उसको पहले ही पकड़ लिया और अंदर नहीं गिरा। लोगों ने सावधानी से बच्चे को ऊपर खींच लिया। बच्चे के पैर व हाथ में चोट लगी थी। इसके बाद बच्चा रोते हुए साइकिल लेकर चला गया।
सुभाष रोड स्थित दुकान मालिक बल्लू सलमानी ने बताया कि पानी की टंकी के पास बीचों बीच मार्ग पर मैन होल है। इसके ऊपर लोहे का जाल लगा था। वह करीब एक महीने पहले ही टूट गया। तभी से यह खुला पड़ा है। इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से एक महीने से शिकायत की जा रही है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी।
नगर पालिका के ईओ मोहम्मद अनवर हुसैन का कहना है कि मैन हॉल खुले होने की जानकारी नहीं है। इस संबंध में जेई को भेजकर जांच कराई जाएगी। जल्द इसे बंद कराया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष अंजना भगवान दास सिंघल का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। यदि मैन हॉल खुला है तो वह गलत है। इस संबंध में नगर पालिका अधिकारियों से वार्ता कर जल्द उसको बंद कराने के निर्देश दिए जाएंगे।