औरंगाबाद। गांव इलना में बरात की चढ़त के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर ग्रामीणों और बरातियों में लाठी-डंडे चल गए। दोनों पक्षों के तीन लोगों चोट लगने से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ मामला शांत कराया। दूल्हा पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
औरंगाबाद-जहांगीराबाद मार्ग स्थित गांव इलना में स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव चित्सोना से बरात आई थी। मंगलवार देर रात बरात में चढ़त के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर ग्रामीणों और बरातियों के बीच गाली गलौंज हो गई। कुछ ही देर में ग्रामीणों और बरातियों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। बरात में लाठी-डंडे चलने से मौके पर हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों के संभ्रांत लोगों ने बीच बचाव कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने दूल्हे के साथ भी हाथापाई करने का प्रयास किया। हालांकि दोनों पक्षों के लोगों ने दूल्हे को सुरक्षित निकाला। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की भीड़ को खदेड़ दिया और बरात की चढ़त पूरी कराई। इसके बाद विवाह की अन्य रस्मे पूरी की गईं। बुधवार सुबह मामले में दूल्हा पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्रामीणों और बरातियों के बीच मारपीट होने का मामला सामने आया है। दूल्हा पक्ष की ओर से शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। - वीपीएस चौहान, सीओ।