गेहूं खरीद को रफ्तार देने के लिए साहब गांव-गांव चौपाल लगाएंगे। अफसर खुली बैठक में किसानों से गेहूं सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने का आग्रह करेंगे।
जिले में गेहूं की खरीद मात्र 16 फीसदी हुई है।
लक्ष्य 1.53 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का है जिसके सापेक्ष विपणन विभाग ने एजेंसियोें से अब तक 93 क्रय केंद्रों पर 20,123 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद करवाई है। सरकारी गेहूं खरीद 15 जून तक होगी।
कम खरीद का असर एफसीआई के राशन के गेहूं वितरण पर भी पड़ेगा। इसी के मद्देनजर शासन ने अफसरों को गांव गांव खुली चौपाल लगाकर गेहूं खरीद की रफ्तार बढ़ाने का आदेश दिया है।
गेहूं खरीद में डिबाई फिसडडी
गेहूं खरीद में डिबाई तहसील सभी तहसीलों से पीछे है। डिबाई में लक्ष्य का मात्र 12.50 फीसदी गेहूं खरीदा गया है। बुलंदशहर में 12.90 फीसदी, खुर्जा में 14.36 फीसदी, शिकारपुर में 16.82 फीसदी, अनूपशहर में 12.76 फीसदी, स्याना में 18.96 फीसदी और सिकंदराबाद में 18.24 फीसदी गेहूं खरीदा गया है।
सिकंदराबाद गेहूं खरीद में सभी तहसीलों से आगे हैं। यहां 1550 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है।
गांव गांव चौपाल लगाने के संबंध में शासन का आदेश मिल गया है। संबंधित अधिकारियों को आदेश की कॉपी भिजवा दी गई है। अफसर गांव-गांव पहुंचकर चौपाल लगाएंगे और किसानों को खरीद केंद्र तक लाएंगे। - शुभ्रा सक्सेना, डीएम