कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर बिलसूरी चौकी के पास तेज रफ्तार निजी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से तीन का हालत गंभीर है। उन्हें मेरठ रेफर किया गया है। हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल और सिकंदराबाद सीएचसी पहुंचाया। एक निजी बस दिल्ली से बदायूं में आयोजित कीर्तन में शामिल होने जा रही थी। बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे। बस सिकंदराबाद बाईपास होते हुए बुलंदशहर जा रही थी।
शनिवार शाम सात बजे बिलसूरी चौकी के पास बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें दो दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें से शकुंतला देवी (60) पत्नी रूपराम, नवली शारदा(52) पत्नी श्यामलाल और सियाराम (70) पुत्र बुधराम की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें मेरठ रेफर किया गया है।
घायलों ने बताया कि ड्राइवर काफी तेज गति से बस चला रहा था। स्पीड कम करने को लेकर उनका ड्राइवर से झगड़ा भी हुआ था।
बिलसूरी चौकी के पास दिल्ली से बदायूं जा रही तेज रफ्तार डिलक्स बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जिसमें दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल और सीएचसी में भर्ती कराया है। हादसे की जांच की जा रही है।
जितेंद्र सिंह, कोतवाल सिकंदराबाद
बाइक भिड़ंत में एक की मौत, दो घायल रेफर
कोतवाली क्षेत्र के कर्णवास मार्ग पर दो बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
गांव कसेर कलां निवासी समीर (16) अपने साथी नाजिम (15) के साथ बाइक से कर्णवास जा रहा था। जबकि सतोहा निवासी रोहित डिबाई जा रहा था। गांव खुशालाबाद के पास दोनों की बाइक भिड़ गई। हादसे में समीर की मौके पर मौत हो गई।
पिकअप-ट्रक में भिड़ंत 15 घायल
कोतवाली देहात की रिपोर्टिंग चौकी नई मंडी क्षेत्र के गांव जुलेपुरा में शुक्रवार रात पिकअप-ट्रक की भिड़ंत में 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक जुलेपुरा के निकट शुक्रवार रात पिकअप और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। पिकअप में बैठकर अनूपशहर जा रहे करीब 15 लोग घायल हो गए।