कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रत्याशी सलीम अख्तर के चुनाव प्रचार के लिए सिकंदराबाद पहुंचीं। प्रदेश महासचिव प्रियंका गांधी सिकंदराबाद दोपहर 12:06 पर पहुंची और उन्होंने करीब एक घंटे तक पैदल घूमकर प्रचार किया। वे अंसार यान चौक से लेकर राणा मंदिर होली मेला रोड तक पैदल ही घूमी।
उन्होंने कहा कि कोई भी दल चुनाव में मुद्दे की बात नहीं कर रहा है। एक दूसरे पर चुनाव में जुबानी बाण चलाए जा रहे हैं। घटिया राजनीति हो रही है। कांग्रेस धर्म और जाति की राजनीति नहीं करती ।वह विकास की राजनीति करती है। कांग्रेस केवल मुद्दे की बात करती है। इसलिए जनता का अपार समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है।
उन्होंने नगर आकर लोगों द्वारा दिए गए अपार समर्थन के लिए आभार जताया। लोगों ने प्रचार के दौरान उन पर पुष्प वर्षा की। लोग सड़क किनारे खड़े हाथ हिलाते रहे। उन्होंने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। वह नगर अध्यक्ष फाजिल के घर गईं। उसके बाद वे बुलंदशहर के लिए रवाना हो गईं।
पहासू में प्रियंका गांधी की झलक पाने को बेताब रहे लोग
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी जियाउर्रहमान के पक्ष में पहासू में रोड शो निकाला। पहासू के अलीगढ़ अड्डे पर अपनी कार से उतर कर प्रियंका गांधी गन्ने से लदे ट्रैक्टर पर बैठ गईं। ट्रैक्टर चालक किसान योगेश चौधरी से करीब 10 मिनट तक किसानों की समस्या को लेकर बात की।
इस बीच युवा प्रियंका की झलक पाने को काफी उत्साहित रहे। प्रियंका गांधी का काफिला जैसे ही पहासू पहुंचा, ढोल-नगाड़ों से काफिले का स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर काफी भीड़ रही।
प्रियंका ने युवा किसान को दिया रोजगार का भरोसा
रोड शो के दौरान कार से उतर कर प्रियंका सामने से आ रहे गन्ने से लदे ट्रैक्टर की सीट पर बैठ गयी तथा युवा किसान योगेश चौधरी पुत्र सुभाष चौधरी निवासी रसूलपुर से काफी देर तक किसानों की समस्याओं को लेकर बात की। योगेश ने बीटेक करने के बाद भी नौकरी नहीं लगने की पीड़ा प्रियंका को बताई। कांग्रेस नेता ने सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार देने की बात कही। योगेश चौधरी ने गन्ना की लागत मूल्य न मिलने की भी बात कही।