यूपी बोर्ड : घर-घर में खुशी का माहौल बरकरार
बुलंदशहर/शिकारपुर। यूपी बोर्ड का शनिवार को रिजल्ट घोषित होने के बाद घर-घर खुशी का माहौल रविवार को भी बरकरार रहा। शतप्रतिशत रिजल्ट आने पर स्कूलों के शिक्षक भी गदगद हैं। छात्रों को पास होने की बधाई मिलने का सिलसिला भी जारी है। शिकापुर के सात छात्र ऐसे हैं जो इंटरमीडिएट की टॉपटेन सूची में शामिल हैं।
शिकापपुर सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सात छात्र टॉपटेन सूची में शामिल हुए हैं। इससे छात्रों के परिजनों के अलावा शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यालय का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है। इंटरमीडिएट परीक्षा में 359 छात्र सम्मिलित हुए, जिनमें से 339 प्रथम श्रेणी, 20 द्वितीय श्रेणी और 98 सम्मान सहित उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में 322 छात्र सम्मिलित हुए। इनमें 321 छात्र सम्मान सहित उत्तीर्ण हुए हैं। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट की टॉपटेन सूची में विद्यालय की चिंकी शर्मा और शरद ऋषि का जिले में प्रथम, दर्शन शर्मा और आदित्य आर्य का तीसरा, अंशु शर्मा का पांचवां, शिवानी शर्मा को छठा और वैभव गौड़ को नवां स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी मेधावी छात्रों को विद्यालय में पुरस्कार व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
अहार क्षेत्र स्थित बाल भारती इंटर कॉलेज सिरोरा में इंटर के छात्र पुष्पेंद्र कुमार ने 75 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। इसी क्षेत्र के कुंवर लटूर सिंह इंटर कॉलेज नयाबांस के छात्र प्रदीप कुमार ने 75 फीसदी, नितिन कुमार ने 76.6, जतिन कुमार ने 76 और नवीन लोधी ने 80 फीसदी अंक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया है। अनूपशहर में कांतीप्रकाश सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज व एलडीएवी इंटर कॉलेज का परीक्षा परिणाम शतप्रतिशत रहा है। विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य सुरेशचंद यादव ने बताया कि हाईस्कूल में यश भारद्वाज ने 86.33 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय टॉप किया है। जबकि अंशुल कुमार व कुशाग्र वर्मा 86.17 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे। इंटर में सुमित ने 77 प्रतिशत, अंकुर ने 85 प्रतिशत व काजल ने 73 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया है।
एलडीएवी इंटा कॉलेज अनूपशहर की प्रधानाचार्या शशिबाला पंत ने हाईस्कूल परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिव कुमार ने 86 प्रतिशत, भूमिका कुशवाह ने 85.6 प्रतिशत और करण ने 84.5 प्रतिशत अंक हासिल कर क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया है। इंटरमीडिएट में विज्ञान वर्ग में ज्योति शर्मा ने 85.4 प्रतिशत, सृष्टि शर्मा ने 83.3 प्रतिशत, शिवानी ने 82.8 प्रतिशत कला वर्ग में तानिया ने 77 प्रतिशत, नेहा ने 75.2 प्रतिशत, उषा सिंह ने 74.6 प्रतिशत और वाणिज्य वर्ग में चितवन गर्ग, 77 प्रतिशत, दिया रस्तोगी ने 74.4 प्रतिशत और क्षमा व निकिता चौधरी ने 73 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। जीडीएवी कन्या इंटर कॉलेज अनूपशहर में हाईस्कूल परीक्षा में उन्नति शर्मा ने 82.3 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय को टॉप किया है।