विधानसभा चुनाव के दौरान सांप्रदायिक माहौल बिगाड़े जाने की आशंका के चलते अफसरों ने धार्मिक स्थलों और विवादित स्थलों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने यह अलर्ट खुफिया इकाइयों से मिले इनपुट के बाद किया है। साथ ही सभी क्षेत्राधिकारियों और थानेदारों को छोटी से छोटी जानकारी अफसरों को देने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव के दौरान खुफिया इकाइयों को असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की आशंका है। खासतौर पर असामाजिक तत्व धार्मिक स्थलों के आसपास कोई भी गलत हरकत कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं।
चुनाव के चलते लोग राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश भी कर सकते हैं। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन किया जाएगा।